देहरादून-नीलम अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 16-ए, न्यू कैंट रोड पर आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में 117 लोगों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई। शिविर में सभी जांचें पूर्णतः निशुल्क रहीं तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष आयोजित ट्रस्ट का यह तीसरा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर था, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में एलोपैथिक, आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों के साथ-साथ बाल रोग एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार की रक्त जांच भी निशुल्क उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का अगला स्वास्थ्य शिविर 20 जुलाई को आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवा ही सबसे बड़ा धर्म और समाज सेवा है। देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने ट्रस्ट के कार्यों को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।
शिविर में पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अशोक वर्मा, सैनिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष शमशेर सिंह बिष्ट, मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय समिति के अध्यक्ष सचिन जैन, मधु जैन, योगेश अग्रवाल, मनमोहन शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर को सफल बनाने में डॉ. मयंक रावत, डॉ. शैली गुप्ता, डॉ. ऋतु बडूनी, डॉ. सार्थक अग्रवाल तथा सहयोगी अंशुल, काजल, हिमानी और प्रदीप का विशेष योगदान रहा। वहीं ट्रस्ट की ओर से ट्रस्टी शोभित जैन, राघव गोयल, अक्षय अग्रवाल, कानूनी सलाहकार अमित अग्रवाल, ऑडिटर सुमित अग्रवाल एवं आयुष अग्रवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
