खटीमा-तीन दिवसीय खटीमा प्रवास के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड हेलीपैड पर आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर लोगों की बात सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और प्रत्येक व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री धामी हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हो गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री अनिल कपूर डब्बू सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तथा उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।