किच्छा संवाददाता– विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लगभग 30.57 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान विधायक बेहड़ ने ग्राम राघवनगर में 2.57 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क, ग्राम गौरीकला में भू-कटाव रोकने के लिए 5 लाख रुपये की लागत से बनाई गई सीसी दीवार, कनकपुर बंगाली कॉलोनी में 6.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क, ग्राम महाराजपुर में 8.20 लाख रुपये की लागत से तैयार सड़क तथा महाराजपुर की श्याम कॉलोनी में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया।
लोकार्पण कार्यक्रमों के बाद विधायक बेहड़ ने आनंदपुर, राघवनगर, गौरीकला, कनकपुर बंगाली कॉलोनी और महाराजपुर (श्याम कॉलोनी) में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल, सड़क, बिजली, जल निकासी और अन्य स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से सुना। मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी प्रतिबद्धता है और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों की गति आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप नई योजनाएं भी लाई जाएंगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्या, गुरदास कालड़ा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, राजेश प्रताप सिंह, किन्नू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रमों में लोगों ने विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार भी व्यक्त किया।