देहरादून-राजधानी देहरादून के पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित लालपुर-लालपुल इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आईएसबीटी से घंटाघर की ओर जा रही एक सिटी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को कुचलते हुए एक होटल के गेट तक जा पहुंची। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब फुटपाथ पर बैठे मजदूर रोजाना की तरह काम मिलने का इंतजार कर रहे थे। अचानक तेज रफ्तार सिटी बस फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां बैठे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 22 वर्षीय आहत (निवासी राजीव नगर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजीत, रतन, मानसिंह, आहद और सुखराज घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इंद्रेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस मजदूरों को रौंदते हुए आगे बढ़ी और होटल के गेट से टकराकर रुकी। यदि बस समय रहते नहीं रुकती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक अर्जुन गुरुंग को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया था, जिसके कारण वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। चालक का भी उपचार कराया जा रहा है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते घायलों को ई-रिक्शा और ऑटो की मदद से अस्पताल भेजना पड़ा। घटना के कारण क्षेत्र में काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि लालपुर के पास सिटी बस द्वारा कई लोगों को कुचलने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
“सिटी बस द्वारा कई लोगों को कुचलने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया गया है। प्रथम दृष्टया चालक को दौरा पड़ने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रमेंद्र डोबाल
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
