मसूरी/देहरादून-उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में नगर पालिका परिषद को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। मंगलवार को पुलिस, प्रशासन, खुफिया एजेंसियों, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने नगर पालिका परिसर पहुंचकर जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा दिया गया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 जून को नगर पालिका परिषद मसूरी और उप जिलाधिकारी कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल कथित तौर पर “खालिस्तान नेशनल आर्मी” के नाम से भेजा गया है। संदेश में मसूरी नगर पालिका कार्यालय के अलावा उत्तराखंड और दिल्ली के कुछ धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि सोमवार शाम ई-मेल के माध्यम से नगर पालिका और अध्यक्ष कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि ई-मेल की सत्यता की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई थी। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल के स्रोत और उसके पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
“कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उन्होंने कहा कि ई-मेल की सत्यता की पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई थी। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।”
मीरा सकलानी
अध्यक्ष नगर पालिका
मसूरी
