..

उत्तरकाशी-जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मोरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्त लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।

पुलिस के अनुसार अवैध नशे के कारोबार में लगातार संलिप्त रहने वाले तीन व्यक्तियों के विरुद्ध सितंबर 2025 में थाना मोरी में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2(ख)(II)/3(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें शामिल सरदास और पंकज दास लंबे समय से फरार चल रहे थे।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि एवं नशामुक्त अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। इसी क्रम में 5 जुलाई की शाम मोरी-नेटवाड़ क्षेत्र से दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जनवरी 2026 से अब तक एनडीपीएस एक्ट के 22 मामलों में 27 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे करीब 42 लाख रुपये मूल्य की आठ किलोग्राम से अधिक चरस तथा 58.6 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अलावा नशे के कारोबार में लगातार संलिप्त रहने वाले अभियुक्तों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026 में अब तक चार नशा तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सरदास (35 वर्ष) पुत्र पूर्णदास तथा पंकज दास (26 वर्ष) पुत्र कमल दास, दोनों निवासी नेटवाड़, थाना मोरी के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत, कांस्टेबल महिदेव चौहान, कांस्टेबल गणेश राणा तथा कांस्टेबल अनिल तोमर शामिल रहे।

You missed