Share The Post

सहारनपुर– महापौर डॉ. अजय कुमार ने आज वार्ड 26 में नगर निगम निधि से निर्मित होने वाली सड़क के कार्य का रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस कार्य पर करीब 15 लाख रुपये की लागत आयेगी।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने आज वार्ड 26 के प्रकाश लोक कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित होने वाली सड़क का विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद नारियल फोड़कर व रिबन काटकर शुभारंभ किया। महापौर ने कहा कि प्रकाश लोक कॉलोनी व क्षेत्रीय लोगों द्वारा की जा रही लगातार मांग को ध्यान में रखते हुए आज इस सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। निगम निधि से निर्मित की जा रही इस सड़क पर लगभग 15 लाख रुपये की लागत आयेगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम अपने नागरिकों को पेयजल, बिजली, सड़क व सफाई आदि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में नगर निगम ने शहर मंे विकास का एक नया खाका खींचा है। सहारनपुर एक आदर्श शहर की ओर बढ़ रहा है। नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि नगर निगम ने सहारनपुर के विकास में नये आयाम स्थापित किये है। शहर के चारों ओर सड़कों का जाल बन गया है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष संदीप धीमान, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय गुप्ता, राकेश राणा, राजेश गुप्ता, पूर्व पार्षद प्रदीप पंवार व शाहिद सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग शामिल रहे।