रामनगर-उत्तराखंड की दीक्षा पांडे को प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के लिए फाइनलिस्ट के रूप में चुना गया है। अब वह राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी और देशभर से आई प्रतिभागियों के साथ इस प्रतिष्ठित खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी।दीक्षा पांडे का यह सफर वर्षों की मेहनत, समर्पण और अपने सपनों के प्रति अटूट विश्वास का परिणाम है।उनके पिता धीरज पांडे शासकीय अधिवक्ता के पद पर रामनगर में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि मॉडलिंग और इंटीरियर डिज़ाइन के क्षेत्र में सक्रिय दीक्षा ने बचपन से ही मिस यूनिवर्स बनने का सपना देखा था और आज वह उस सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा चुकी हैं।दीक्षा एक साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता शासकीय अधिवक्ता के पद पर रामनगर में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता एक कंप्यूटर शिक्षिका रही हैं। परिवार ने हमेशा उनके सपनों को प्रोत्साहित किया और हर कदम पर उनका साथ दिया।मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के मंच पर दीक्षा न केवल उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी, बल्कि वह महिलाओं के सशक्तिकरण और छोटे शहरों की युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने का संदेश भी देंगी।इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए दीक्षा ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडिया के मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। यह उपलब्धि मेरे परिवार, गुरुओं और सभी शुभचिंतकों के समर्थन और वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपने राज्य का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।दीक्षा पांडे का यह चयन उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और अब उनकी निगाहें मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ताज पर टिकी हैं।
