लोहाघाट– चंपावत जनपद के बाराकोट विकासखंड अंतर्गत बसौटी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारिश के कारण सड़क पर बनी फिसलन के चलते एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में ग्राम प्रधान और उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार धटीगांव के ग्राम प्रधान नवीन राम (44) पुत्र महेश राम अपने 18 वर्षीय पुत्र सुनील राम के साथ कार संख्या यूके-03-2484 से लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बसौटी क्षेत्र के पास सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा समाई।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और निजी वाहन से तत्काल उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट पहुंचाया।चिकित्सकों के अनुसार ग्राम प्रधान नवीन राम के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनके पुत्र सुनील राम की छाती की कई पसलियां टूट गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय दौरे पर चंपावत पहुंचे केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की। साथ ही परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में पहाड़ी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतने तथा संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
