..

चमोली/पोखरी-सेवा, सुशासन एवं समर्पण सप्ताह’ के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड सभागार पोखरी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय सेवा एवं जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी मंत्री प्रेम सिंह राणा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बंदरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए किसानों से कीवी एवं मशरूम की खेती अपनाकर स्वरोजगार बढ़ाने का आह्वान किया।

उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भण्डारी ने ग्रामीण विकास एवं अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, पशुपालन, जल संस्थान, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, श्रम, सैनिक कल्याण, पंचायती राज, राजस्व सहित विभिन्न विभागों तथा स्वयं सहायता समूहों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण-पत्र और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

शिविर में कुल 25 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। विभिन्न विभागों के माध्यम से 128 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। कृषि विभाग ने 9 किसानों को कृषि यंत्र, उद्यान विभाग ने 9 लाभार्थियों को सब्जी बीज एवं कीटनाशक, पशुपालन विभाग ने 14 लाभार्थियों को पशु औषधियां वितरित कीं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, ग्रामीण विकास विभाग ने 10 लाभार्थियों को बीपीएल प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड एवं अन्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 30 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श दिया। अन्य विभागों ने भी पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भण्डारी, नोडल अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बुडोला, तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद तस्दीक अहमद, जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, विद्युत विभाग के अवर अभियंता धीरेन्द्र भण्डारी, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता रवीन्द्र नेगी एवं रुपेश नेगी, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी, ब्लॉक उद्यान अधिकारी इंद्रजीत टम्टा, सहायक कृषि अधिकारी राजेश चौमवाल, फार्मासिस्ट आशीष रावत, जिला पंचायत सदस्य वीरेन्द्र सिंह राणा, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राधारानी रावत, दिनेश रड़वाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी संदीप अरोड़ा ने किया।