उत्तरकाशी– जनपद स्थित वरुणावत के गोफियारा क्षेत्र में हुए भूस्खलन को लेकर सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आज सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन ने प्रभावित क्षेत्र का विशेषज्ञों और स्थानीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद सचिव आपदा ने कहा कि भूस्खलन क्षेत्र की सुरक्षा, उपचार, पुनर्वास को लेकर सभी प्लान पर चर्चा हुई है। जल्द मुख्यमंत्री को पूरे मामले की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके बाद मामले में विशेषज्ञ एजेंसी के द्वारा सुरक्षा और उपचार का काम शुरू कर दिया जाएगा।
जनपद उत्तरकाशी के वरुणावत पर्वत के गोफियारा क्षेत्र में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन की जद में गोफियारा क्षेत्र के साथ ही कलक्ट्रेट कॉलोनी, उजेली और मस्जिद मोहल्ले तक की आबादी निशाने पर है। मामला संज्ञान में आते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन को विशेषज्ञों की टीम के साथ मौके पर निरीक्षण को भेजा है।
सचिव आपदा श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र के नीचे बड़ी आबादी, गंगोत्री हाइवे और कलक्ट्रेट क्षेत्र लगा हुआ है। भूस्खलन से बड़े बोल्डर और मलवा अटका हुआ है। ऐसे में सुरक्षा और उपचार जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भूस्खलन से आबादी वाले इलाके के ऊपर मलवा और बोल्डर जमा है। ऐसे में किसी तरह का खतरा न बने, सुरक्षा की दृष्टि से इलाके को खाली कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए। इसके लिए प्रभावितों को उचित मुआवजा और किराया दिया जाए। इस मौके पर सचिव ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य एजेंसियों को अलर्ट मोड़ में रहने के निर्देश दिए हैं।