सहारनपुर-एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जिला महिला अस्पताल में एक गर्भवती महिला का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद डॉक्टर कपड़ा महिला के पेट में ही भूल गए। महिला को छुट्टी दे दी गई लेकिन जब वह घर पहुंची तो उसके पेट में दर्द होने लगा। इसके बाद महिला ने दूसरे अस्पताल में जाकर चेक कराया तो पता चला कि पेट के अंदर कपड़ा छूट गया है। बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुई इसके बाद महिला ने एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ऑपरेशन कराया तो डॉक्टरों ने कपड़ा तो निकाल दिया लेकिन जब महिला प्राइवेट अस्पताल का बिल नहीं चुका पाई तो उसे कथित रूप से बंधक बना लिया गया। एक ही महिला के साथ दो बार हुई इन घटनाओं को लेकर भीम आर्मी ने हंगामा कर दिया। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पूरे मामले में जांच बैठा दी है और बेहतर उपचार के लिए महिला को ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है।