Share The Post

सहारनपुर– मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले आईजीआरएस पोर्टल व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से सम्बद्ध शिकायतों के निस्तारण में सहारनपुर नगर निगम ने पूरे प्रदेश में बाजी मारते हुए नंबर वन रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि पर नगरायुक्त संजय चौहान व अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने निगम में आईजीआरएस पोर्टल का कार्य देख रही सहायक लिपिक मंजू जवालिया की प्रशंसा करते हुए शाबाशी दी है। नगरायुक्त संजय चौहान के निर्देशन में अपर नगरायुक्त राजेश यादव व आईजीआरएस प्रभारी/सहायक नगरायुक्त शिवराज सिंह समय-समय पर आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा करते है। आईजीआरएस पोर्टल व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की जाने वाली शिकायतें मुख्यमंत्री कार्यालय से सम्बंधित नगर व विभाग को भेजी जाती है। इन शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण और उसके पश्चात उच्चाधिकारियों तथा मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा शिकायतों का जो फीडबैक लिया जाता है उसके आधार पर ही सम्बंधित नगर या विभाग को रैंक दी जाती है।
अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि जो शिकायते आईजीआरएस/हेल्पलाइन से सम्बद्ध आती है, उन्हें तत्काल सम्बंधित विभाग को भेज दिया जाता है। जिनका निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाना अनिवार्य होता है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2024 माह में सहारनपुर नगर निगम ने प्रदेश में 90 अंकों में से शत प्रतिशत 90 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम सहारनपुर शिकायतों के निस्तारण में अमूमन टॉप फाइव में रहा है। गत जून माह में सहारनपुर को पांचवी और जुलाई में एक पायदान ऊपर उठकर चौथी रैंक प्राप्त हुई थी। अपर नगरायुक्त ने बताया कि जनवरी 2024 से 7 सितंबर 2024 तक आईजीआरएस/हेल्पलाइन पर कुल 2753 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें से 2660 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है।